सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर खराब खड़े ट्रेलर में जा घुसा। टक्कर होते ही तेज धमाके साथ डंपर में आग लग गई और केबिन में फंसा चालक महेश सिंह (37) जिंदा जल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम ने लपटों पर काबू पाया और केबिन काटकर शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। करीब दो घंटे तक लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाम लगा रहा।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार आर्य के मुताबिक, कानपुर नगर के घाटमपुर स्थित तेजपुर गांव का महेश सिंह अपने डंपर (यूपी 78 डीएन 4564) में मौरंग लादकर कानपुर से आ रहा था।
सुबह करीब पांच बजे दरोगा खेड़ा स्थित किसान पथ ओवर ब्रिज के पास खराब खड़े ट्रेलर (यूपी 51 एटी 7650) में जा टकराया।
केबिन में शॉर्ट सर्किट से डंपर के अगले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते डीजल की टंकी धमाके के साथ फट गई। महेश स्टीयरिंग व सीट के बीच फंस गया। लपटें इतनी तेज थीं कि राहगीर चाहकर भी चालक को बचा नहीं सके।
ब्रेकर तो बनाए, लेकिन संकेतक नहीं लगाए
किसान पथ निर्माण के कारण कार्यदायी संस्था ने ओवर ब्रिज के दोनों तरफ कानपुर हाईवे पर ब्रेकर बना रखा है। इसकी जानकारी के लिए कोई संकेतक न लगाए जाने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले तीन महीने में करीब 20 लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं।