शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी बस में आग
अफसराें ने जली हुई बस की जांच के बाद तैयार की रिपोर्ट, आज प्रबंध निदेशक को सौंपेंगे
बहराइच से आलमबाग बस अड्डे जा रही परिवहन निगम की अनुबंधित बस में शॉर्ट सर्किट से इंजन के जरिये आग लगी थी। यानी बस में आग लगने की शुरुआत अगले हिस्से से हुई थी। इस प्रकरण की जांच पूरी हो चुकी है, जिसकी रिपोर्ट प्रबंध निदेशक को सोमवार को सौंपी जाएगी। जानकारी में यह भी आया कि प्रबंध निदेशक जली बस का मुआयना करने भी जाएंगे।
प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने शनिवार शाम को हुसैनगंज चौराहे पर अनुबंधित बस (यूपी 70 ईटी 4456) में लगी आग की जांच लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके बोस को सौंपी थी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने शनिवार एवं रविवार को घटना स्थल एवं बस का जायजा लिया। घटना स्थल के आसपास के लोगों एवं बस के ड्राइवर आशीष और कंडक्टर सर्वजीत राठौर से पूछताछ की। जांच के दौरान पाया गया कि बस के निचले हिस्से में इंजन के पास शॉर्ट सर्किट होने से पिछले हिस्से से निकले धुएं की जानकारी ड्राइवर को बाइक सवार ने दी। ड्राइवर ने अग्निशमन यंत्र से आग को बुझाने की कोशिश की, पर इंजन में तारों का जाल होने के कारण आग नियंत्रित नहीं हो सकी। इंजन के तार एवं ऑयल के कारण चंद मिनटों में बस आग का गोला बन गई।
इस साल की घटनाएं
26 अप्रैल को प्रतापगढ़ से कानपुर जाने वाली बस में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, 19 सवारियां बचीं
7 जुलाई को कुशीनगर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर 26 यात्रियाें ने बस से कूद कर बचाई जान