लखनऊ। गोसाईंगंज उपकेंद्र के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित मेढ़ई का पुरवा में बिजली संकट से 70 परिवारों को करीब 33 घंटे परेशानी झेलनी पड़ी। शुक्रवार सुबह छह बजे लाइन में फॉल्ट के कारण आपूर्ति ठप हो गई थी। शनिवार दोपहर तीन बजे के बाद बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय निवासी बाबू लाल ने बताया कि दिनभर शिकायत करने के बावजूद आपूर्ति शुरू नहीं हुई। मस्तेमऊ निवासी अजय द्विवेदी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 11 बजे बिजली गुल हुई। शाम सात बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन शनिवार सुबह छह बजे फिर बिजली चली गई। मीसा निवासी आनंद और सरोज ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे बिजली गुल हुई और शनिवार सुबह आठ बजे आई।
अधिशासी अभियंता मोहनलालगंज योगेश कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार भोर में तेज बारिश से बक्कास फीडर प्रभावित हुआ था।
उधर, गंगा विहार, नंदी विहार, चिनहट बाजार, नंदपुर और सराय शेख समेत कई इलाकों में शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक बिजली की आवाजाही लगी रही। बीबीडी क्षेत्र के जुग्गौर और पपनामऊ की कॉलोनियों में भी दिनभर बिजली संकट बना रहा।
रहीमाबाद में 18 घंटे बिजली गुल
मलिहाबाद। रहीमाबाद उपकेंद्र के गोपालपुर, लुधई, रुसेना और अंबरखेड़ा समेत दस गांवों में शुक्रवार दोपहर बारिश के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित रही। शनिवार सुबह आपूर्ति बहाल हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के लिए उपकेंद्र के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर वह आउट ऑफ कवरेज मिलता है। इस पर लोगों ने 1912 पर शिकायत दर्ज कराई है।