लखनऊ में हरदोई रोड स्थित दुबग्गा फल एवं सब्जी मंडी बिजली कनेक्शन कटने के चलते 31 जुलाई से 3 अगस्त तक बंद रहेगी। क्योंकि 35 लाख का बिजली बिल बाकी होने पर दुबग्गा मंडी का कनेक्शन काट दिया गया है। इसके कारण पांच दिनों से यहां के करीब 700 आढ़ती और 1500 से अधिक पल्लेदार बिजली के अभाव में काम कर रहे थे।
मंडी को बंद करने का फैसला रविवार को दुबग्गा फल व सब्जी व्यापारी समिति के अध्यक्ष परवेज आलम की अध्यक्षता में हुआ। महामंत्री शाहनवाज हुसैन ने बताया कि बैठक में सभी आढ़ती एवं किसान मौजूद रहे। बिल 35 लाख रुपये हो गया है। समिति की निष्क्रियता से पूरी दुबग्गा मंडी गर्मी में बिना पेयजल के काम कर रही है।
किसान, पल्लेदार, खरीदार को लाइट न होने से लोडिंग और अनलोडिंग में दिक्कत आ रही है। रात में किसान के माल की बिक्री घट गई है। तराजू को चार्ज करना मुश्किल हो गया है। पल्लेदार खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।