राजधानी में अवध शिल्पग्राम स्थित डीआरडीओ का अस्थायी अस्पताल शुरू होने के बाद अब हज हाउस में एचएएल द्वारा तैयार कोविड अस्पताल में ड्राई रन रविवार से शुरू हो गया है। जल्द ही इस अस्पताल में मरीजों की भर्ती शुरू कर दी जाएगी। अस्पताल को एचएएल कोविड अस्पताल के नाम से जाना जाएगा। कुल 255 बेड के इस अस्पताल में सभी बेड ऑक्सीजन सुविधा से युक्त हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की पेशकश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दिए गए सहयोग से तैयार अस्पताल में ड्राई रन की शुरुआत जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश की मौजूदगी में हुई। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल एल 2 और एल 3 बेड सुविधा से लैस है। अस्पताल में 25 वेंटिलेटर, 100 एचएफएनसी व 130 ऑक्सीजनयुक्त बेड हैं। अस्पताल में निर्बाध ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था उपलब्ध है, ताकि रोगियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
इसके संचालन के लिए रविवार को एचएएल और मुख्य चिकित्साधिकारी के मध्य एमओयू का हस्तांतरण भी किया गया। डीएम ने बताया कि केयर इंडिया एनजीओ के माध्यम से डॉक्टर्स, नर्स व पैरामेडिकल स्टाफ का इसके संचालन में सहयोग मिल रहा है। अधिकारियों के अनुसार पहले इस अस्पताल में भर्ती दस मई से शुरू करने की योजना थी, लेकिन ऐन वक्त पर इसकी घोषणा नहीं की गई। अब अधिकारी जल्द भर्ती शुरू होने की बात कह रहे हैं। माना जा रहा है कि जैसे ही सबकुछ ठीक होगा, वैसे ही किसी भी समय भर्ती शुरू हो जाएगी।
हेल्पडेस्क से मरीज का हाल जान सकेंगे परिजन
अस्पताल में ट्राइएज/होल्डिंग एरिया का भी निर्माण कराया गया है। साथ ही भर्ती रोगियों के स्वास्थ्य की जानकारी उनके परिजनों को उपलब्ध कराने के लिए हेल्पडेस्क का निर्माण कराया गया है। इस डेस्क के जरिए रोजाना दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परिजन अपने मरीजों का हाल जान सकेंगे। साथ ही अस्पताल में कोविड रोगियों की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम की भी स्थापना की गई है, जहां से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से रोगियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। ड्राई रन के मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय भटनागर, उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर संतोष कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।