लखनऊ। नाका में मंगलवार रात नशे में धुत युवक ने तीन दरोगा से मारपीट की। उसने दो दरोगा की वर्दी फाड़ डाली। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। दरोगा रवीश भाटी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दरोगा रवीश भाटी के अनुसार वह, उपनिरीक्षक नीरज सिंह व एक अन्य दरोगा ड्यूटी पर थे। उन्हें यूपी-112 से सूचना मिली कि पानदरीबा स्थित मीत होटल के पास नशे की हालत युवक गाली-गलौज कर रहा है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने उसे लोगों को पीटते देखा। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक शुक्ला बताया। समझाने का प्रयास करने पर वह उग्र हो गया। उसने पुलिस वालों से मारपीट शुरू कर दी। उसने दो दोगा की वर्दी फाड़ डाली। इस दौरान वह चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि दीपक पर सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।