लखनऊ। आशियाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात नशे में धुत कार सवार किशोरों ने रायबरेली के भीखमपुर निवासी विनय कुमार की गाड़ी पर शराब की बोतलें फेंककर हमला किया। इसमें उनकी कार का शीशा टूट गया। सूचना पर उन्हें बचाने आए आशियाना निवासी काशिफ पर शराबियों ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में दौड़ाकर पांचों शराबियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विनय कानपुर में शादी समारोह में गए थे। वहां मेहमानों को छोड़कर लौट रहे थे, तभी आशियाना इलाके में उनकी गाड़ी पर हमला हुआ। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इस हमले में काशिफ चोटिल भी हो गए और बेहोशी की हालत में उन्हें राहगीरों की मदद से अपोलो अस्पताल, आलमबाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मामले में आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि पकड़कर लाए गए सभी नाबालिग थे, उनके परिजनों को बुलाकर उन्हें नोटिस दे दिया गया है। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)