लखनऊ। गुडंबा के बहादुरपुर में शराब के नशे में दो लोगों ने साथियों के साथ मिलकर छात्र कुनाल रावत के सिर पर बीयर के बोतलें फोड़ दीं। घटना में उनका सिर फट गया। पीड़ित की तहरीर पर गुडंबा पुलिस ने दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बहादुरपुर निवासी कुनाल के अनुसार आठ दिसंबर को वह रात नौ बजे पैदल घर से कुछ दूरी पर स्थित यूनिटी सिटी मार्केट दूध लेने गए थे। बाजार में पहले से मौजूद विनीत यादव, मोनू और कुछ अज्ञात लोग शराब पी रहे थे। कुनाल का आरोप है कि आरोपी बिना किसी कारण के ही उनसे गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने बीयर की बोतलें उनके सिर और हाथ पर फोड़ दी। लहूलुहान होने पर आरोपियों ने उन्हें डंडों से भी पीटा। भीड़ जुटने पर आरोपी उन्हें धमकाते हुए भाग निकले। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां दो दिन तक चले इलाज के बाद पीड़ित ने गुडंबा थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की तलाश के पुलिस टीमें गठित की गई हैं।