नशे में दौड़ाई एसयूवी, डिवाइडर पार कर कार से टकराई।
निगोहां। महाकुंभ से लौट रहे नशे में धुत छात्र ने बेतहाशा रफ्तार में एसयूवी दौड़ाई। एसयूवी बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर गई और कई बार पलटते हुए एक कार से टकरा गई। एसयूवी चला रहे एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र शाहजहांपुर निवासी सर्वज्ञ गुप्ता, अक्षरा मेहरा, अनुष्का व कार सवार रायबरेली के बछरावां में थुलेंडी गांव निवासी मो. तंजीम गंभीर रूप से घायल हो गए। तंजीम के भाई ने सर्वज्ञ के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी निगोहां के मुताबिक सर्वज्ञ गुप्ता एसयूवी से साथी छात्र प्रणव, अक्षरा मेहरा व अनुष्का के साथ प्रयागराज गए थे। शनिवार रात सभी नशे में लौट रहे थे। सर्वज्ञ एसयूवी चला रहे थे। रात करीब 10 बजे निगोहां के मदाखेड़ा चौराहे के पास बेकाबू एसयूवी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और कार से टकरा गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को ट्राॅमा में भर्ती कराया। एसयूवी में शराब और पानी की कई खाली बोतलें मिलीं। जांच के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।