लखनऊ। लखनऊ एयरपोर्ट पर बैंकॉक से पहुंचे दो तस्करों से करीब पांच करोड़ रुपये का हाइड्रोपोनिक वीड (ड्रग्स) बरामद किया गया है। यह वीड आठ पैकेटों में था, जिसे वैक्यूम पैक प्लास्टिक में लाया जा रहा था। एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बैंकॉक से तस्करी कर लाए गए वीड के तीन मामले पकड़ में आ चुके हैं। गत दिवस थाई एयर एशिया की उड़ान संख्या एफडी-146 बैंकॉक से रात सवा आठ बजे टेकऑफ करने के बाद रात साढ़े दस बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंड हुई। विमान से उतरने वाले यात्रियों की कस्टम, सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने जांच की।
इस दौरान बैंकॉक से आए दो यात्रियों के बैग से आठ पैकेटों में 4.917 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया। इसकी कीमत 4.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तीन दिन पहले बरामद किया गया था 2.50 करोड़ का वीड
लखनऊ एयरपोर्ट पर तीन दिन पहले मंगलवार को भी हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया गया था। दो तस्करों मुंबई निवासी अबीद मेमन व बाराबंकी निवासी आमिर खान के पास से 2.49 किलो वीड बरामद किया गया था। इतना ही नहीं पिछले डेढ़ महीने की बात की जाए तो 20 करोड़ रुपये का गांजा पकड़ा जा चुका है।