लखनऊ। अमाैसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम ने दो करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की है। यात्री ने इस हाइड्रोपोनिक वीड (पानी में उगाया जाने वाला उच्च गुणवत्ता का गांजा) को अपने लगेज में रखे कुकीज के डिब्बों में छिपाया था।
कस्टम विभाग की टीम ने खुफिया सूचना पर बैंकॉक से लखनऊ आने वाली फ्लाइट संख्या एफडी-146 के सभी यात्रियों की गहन जांच की। एक यात्री के लगेज में कुकीज के आठ टिन के डिब्बे मिले। इन्हें खोला गया तो अंदर पॉलिथीन के पाउच में हरे रंग का ऑर्गेनिक पदार्थ मिला जो जांच में हाइड्रोपोनिक वीड निकला। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार हाइड्रोपोनिक वीड का नशा बहुत खतरनाक होता है।