जालौन में गुलाब जल बनाने की आड़ में चल रहे अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। देर रात DRI, ATS और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में संदिग्ध ड्रग्स बरामद हुआ है। तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यूपी के जालौन में गुलाब जल की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला सामने आया है। डकोर थाना क्षेत्र के ऐरी रमपुरा गांव में देर रात से राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और खुफिया विभाग की टीमों ने छापा मारा। अभियान में एटीएस की दो कंपनियां भी शामिल हैं।
विज्ञापन
कार्रवाई के दौरान घर और कारखाने की तलाशी ली गई। भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ है। टीमों ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि गुलाब जल की आड़ में कथित तौर पर तस्करी का काम कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद पदार्थ की पहचान और उसकी वास्तविक मात्रा का पता लगाया जा रहा है। डकोर थाना क्षेत्र के ऐरी रमपुरा गांव में देर रात से कार्रवाई जारी है।