ड्रोन के खतरों से निपटने का वायुसेना ने दिया प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट पर ड्रोन के खतरों से निपटने का प्रशिक्षण बुधवार को सीआईएसएफ जवानों को दिया गया। भारतीय वायुसेना की प्रशिक्षण टीम की ओर से ड्रोन के खतरों व बचाव को लेकर ट्रेनिंग प्रदान की गई।
ड्रोन से एक ओर जहां सुविधाएं मिलती हैं। सुरक्षा पुख्ता होती है। वहीं दूसरी ओर ड्रोन के खतरे भी बहुतेरे हैं। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर घरेलू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही है। ऐसे में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में ड्रोन से सेंध न लगाई जा सके, इसके लिए वायुसेना की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार सुबह ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। इसमें ड्रोन दिखने पर तत्काल सतर्क हो जाने की हिदायत दी गई। साथ ही ड्रोन से होने वाले जोखिम प्रबंधन के बाबत भी जानकारी दी गई। जवानों को बताया गया कि ड्रोन दिखने पर सुरक्षा के लिहाज से कहां रिपोर्ट करना चाहिए। इस मौके पर सीआईएसएफ जवानों ने ड्रोन खतरों से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनके संतोषजनक जवाब वायुसेना अधिकारियों ने दिए।