लखनऊ से प्रयागराज जाते समय लक्ष्मणपुर के पास घटी घटना
ऊंचाहार स्टेशन पर तीनों घायलों को उतारा, दूसरा स्टाफ लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ से प्रयाग जा रहे डीआरएम की स्पेशल ट्रेन का शीशा टूट गया, जिससे ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट समेत तीन लोग घायल हो गए। यह घटना लक्ष्मणपुर-रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशनों के बीच घटी। घटनास्थल पर कुछ देर रुकने के बाद डीआरएम स्पेशल ऊंचाहार पहुंची, जहां घायलों को उतारा गया। दूसरा स्टाफ तैनात हुआ, जो स्पेशल ट्रेन लेकर प्रयागराज रवाना हुआ। घायलों का सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया गया।
रविवार को सुबह मंडल रेल प्रबंधक मनीष थपलियाल स्पेशल ट्रेन से प्रयाग जा रहे थे। वह रायबरेली से ऊंचाहार की तरफ बढ़ रहे थे, तभी लक्ष्मणपुर और रामचंद्रपुर स्टेशनों के बीच उनकी स्पेशल ट्रेन का शीशा टूट गया। इसकी चपेट में आने से ट्रेन चला रहे लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र के भोलाखेड़ा निवासी लोको पायलट कुलदीप साहू, लखनऊ के दीप नगर निवासी लोको पायलट राजेश्वर विश्वकर्मा घायल हो गए। साथ में मानस नगर कानपुर रोड लखनऊ निवासी लोको इंस्पेक्टर घनश्याम भी थे, जिन्हें भी चोटें आईं।
घटना के बाद गाड़ी मौके पर कुछ देर रोकी गई। बाद में डीआरएम स्पेशल ऊंचाहार पहुंची तो वहां करीब 10 मिनट तक खड़ी रही। इस दरम्यान तीनों घायलों को ट्रेन से उतार कर सीएचसी ले जाया गया। दूसरा स्टाफ तैनात हुआ और डीआरएम स्पेशल रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डीआरएम की स्पेशल ट्रेन का शीशा टूटने से दो लोको पायलट और एक लोको इंस्पेक्टर जख्मी हुए, जिन्हें सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना कैसे घटी, इस बारे में कुछ पता नहीं चला।
इनसेट
लक्ष्मणपुर में पौन घंटे रुकी रही रायबरेली-ऊंचाहार एक्स.
रायबरेली। डीआरएम स्पेशल का शीशा टूटने के कारण गाड़ी पहले घटनास्थल और फिर ऊंचाहार में रोकी गई। इससे पीछे दौड़ रही रायबरेली-ऊंचाहार एक्सप्रेस स्पेशल रविवार को लक्ष्मणपुर में पौन घंटे खड़ी रही। रायबरेली से ऊंचाहार जा रही गाड़ी लक्ष्मणपुर में 9.17 बजे पहुंची, लेकिन लाइन क्लियर न होने के कारण गाड़ी को रोके रखा गया। जब डीआरएम स्पेशल ऊंचाहार से रवाना हो गई, तब लक्ष्मणपुर से 9.58 बजे रायबरेली-ऊंचाहार एक्सप्रेस को रवाना किया गया। इससे यह ट्रेन ऊंचाहार में लगभग सवा घंटे लेट पहुंची। यही वजह रही कि ऊंचाहार-रायबरेली एक्सप्रेस स्पेशल को ऊंचाहार स्टेशन से एक घंटे देर से रवाना किया गया। (संवाद)
इनसेट
चार घंटे देर से आई पंजाब मेल, काशी भी रही लेट
रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को निजात नहीं मिल रही है। रविवार को अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल चार घंटे से ज्यादा देर से आई। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस एक घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल सवा घंटे, आनंद विहार टर्मिनल से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। शनिवार रात नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी सवा तीन घंटे विलंब से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट हो रही हैं। (संवाद)