पेयजल संकट को लेकर एलडीए कालोनी के सेक्टर एम स्थित ईडब्लूएस कालोनी वासियों ने मंगलवार को कालोनी में विरोध प्रदर्शन किया।
कालोनी स्थित किला गांव में तिकोना पार्क के आसपास ईडब्लूएस मकान बने हैं। जहां पर कई महीनों से पानी का सकंट बना हुआ है। कई बार शिकायत के बाद भी पेयजल संकट दूर नहीं हो सका।
कालोनीवासी रामबरन का कहना है कि पेयजल की इतनी समस्या है कि टुल्लू लगाने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिलता है। उस पर जो पानी आता है वह भी दूषित होता है।
इसके कारण पेट की बीमारी भी बढ़ रही है। इलाके में कम व्यास की लाइन होेने के कारण समस्या हो रही है। अधिक व्यास की लाइन डाले जाने को लेकर कई बार मांग की गई मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उधर आलमबाग के जयप्रकाश में करीब दो दर्जन घरो में दो सप्ताह से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। जयमाता नर्सिंग होम के सामने वाली गलियों में पानी न आने से यहां रहने वालों को इधर उधर से पानी का जुगाड़ करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत की मगर समस्या दूर नहीं हुई। जलकल अभियंता कहते हैं कि मकान ऊंचाई पर होने के कारण समस्या है।