लखनऊ। आलमबाग में बुधवार तड़के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) दिल्ली में तैनात ब्रह्माेस मिसाइल सिस्टम इंजीनियर आकाशदीप गुप्ता (30) की मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बाथरूम में गिर गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
आकाशदीप का आलमबाग के ओमनगर में पैतृक घर है। वह पत्नी भारती गुप्ता के साथ दिल्ली में रहते थे। भारती दिल्ली में ही केनरा बैंक में तैनात हैं। इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष सरोज के मुताबिक दीपावली पर आकाश पत्नी के साथ घर आए थे। बुधवार को आकाश बाथरूम में गिर गए। उनके गिरने की आवाज सुनकर पत्नी व परिवार वाले उठे और आनन-फानन आकाश को लेकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही आकाशदीप की मौत हो चुकी है।
अप्रैल में हुई थी शादी
आकाश की भारती से शादी इसी वर्ष अप्रैल में हुई थी। उनके पिता कुलदीप गुप्ता दो महीने पहले ही पुलिस से सेवानिवृत्त हुए हैं। आकाश की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। पुलिस ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। हालांकि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सात साल से मिसाइल मिशन पर कर रहे थे काम
आकाश के पिता कुलदीप ने बताया कि बेटा सात साल से मिसाइल मिशन पर काम कर रहा था। वह और बहू दोनों दिल्ली में रहते थे। बेटा बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट था। बहू और बेटा दीपावली मनाने घर आए थे। मगर किसे पता था कि त्योहार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी।