नगराम। पंचायत व ग्राम्य विकास विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते गोसाईंगंज विकास खंड के सुदूरवर्ती गांव सेल्हूमऊ गांव बदहाली के दौर से गुजर रहा है। यहां जल निकासी के लिए नालियों व सीवर लाइन की सफाई न कराए जाने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी आम रास्ते व घरों के सामने भरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील दिवस, ब्लाॅक कार्यालय व पंचायत सचिव से शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। मजबूरन आम राहगीरों व स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी कीचड़ भरे रास्ते से आना-जाना पड़ता है।
गोसाईंगंज ब्लाक की ग्राम पंचायत सेल्हूमऊ के लिए अभी तक डामरीकृत सड़क मुहैया नहीं हो सकी है। गांव में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए करीब 10 साल पहले सीवर लाइन व चैंबर बनाए गए थे, जो कीचड़ व गंदगी से चोक हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायतीराज विभाग का संबंधित सफाई कर्मचारी गांव तक आता ही नहीं। कभी कभार गुलाल खेड़ा स्थित प्रधान के घर हाजिरी लगाकर ड्यूटी पूरी कर लौट जाता है।
ग्रामीण धर्मेंद्र कुमार सिंह, दारा यादव, चंद्र पाल, रूपचंद्र, संतोष कुमार, कल्लू व अन्य गांव निवासियों ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल, तहसील दिवस एवं पंचायत सचिव से इस बाबत शिकायत की गई, फिर भी आज तक कोई देखने नहीं पहुंचा।
इस बाबत विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कमल किशोर शुक्ल ने बताया कि गांव में जल निकासी के लिए नाली बनाने में कुछ ग्रामीणों ने विवाद कर अदालत से स्थगन आदेश ले लिया था, जो वर्तमान में भी लागू है, ऐसी स्थिति में नाली बनाना संभव नहीं हो सकेगा। उनका कहना है कि मौके की जांच की जाएगी, यदि पहले से बनी नालियां कीचड़ व गंदगी से पट गई हैं तो सफाई कराई जाएगी।