लालबाग गर्ल्स कॉलेज की जमीन पर बना अवैध ड्रैगन मॉल होगा जमींदोज
लालबाग गर्ल्स कॉलेज की जमीन पर बने ड्रैगन मॉल के अवैध निर्माण को एलडीए तोड़ेगा। बुधवार को डॉ. सुजा रोड पर मॉल के अलावा मैरिज लॉन गोल्डन पैलेस को भी सील कर दिया गया।
कोर्ट से राहत न मिलने के बाद मॉल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। संयुक्त सचिव ऋतु सुहास ने बताया कि वर्ष 2017 से ड्रैगन मॉल के अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई चालू है।
तब भी इसे सील किया गया था। हाईकोर्ट से सील पर स्टे 30 जून 2017 तक था। इसके बाद दोबारा सील करने की मांग प्रवर्तन जोन-6 ने की।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में विपक्षी सलीम खान और क्रिश्चियन एजूकेशन सोसाइटी के प्रबंधक को सुनवाई का मौका दिया गया।
पिछले साल 15 अगस्त को अवैध निर्माण तोड़ने का आदेश दिया गया, लेकिन कई बार प्रयास के बावजूद कार्रवाई नहीं हो सकी।
अब कार्रवाई से पहले ड्रैगन मॉल व द गोल्डन पैलेस सील कर दिया गया। अवैध निर्माण बड़ा होने से कार्रवाई कई दिन चलेगी, ऐसे में इसे सील करना जरूरी था।
पुलिस की मौजूदगी में जोन-6 की प्रवर्तन टीम ने सीलिंग की। अब अवैध निर्माण ढहाने को समय तय किया जा रहा है।
तीन मंजिला आवासीय की जगह पांच मंजिला मॉल
एलडीए के आदेश के मुताबिक, कॉलेज की जमीन पर आवासीय निर्माण को तीन मंजिला नक्शा पास कराया गया था। यहां हॉस्टल व अन्य आवासीय परिसर बनने थे, लेकिन मौके पर पांच मंजिला व्यावसायिक निर्माण बेसमेंट सहित बन गया। इसका व्यावसायिक उपयोग भी शुरू कर दिया गया। इसके बाद एलडीए ने धारा 16 व 27 की कार्रवाई की।
2015 में खत्म कर दिया केस
एलडीए की प्रवर्तन कोर्ट में यह प्रकरण भी सामने आया कि अवैध ड्रैगन मॉल पर पहले 2014 में कार्रवाई शुरू हुई। केस को 2015 में तत्कालीन विहित प्राधिकारी ने शपथ पत्र लेकर खत्म कर दिया। इसके बाद दोबारा अवैध निर्माण कर मॉल बना लिया गया। इस पर 2017 में कार्रवाई शुरू हुई। जमीन के उपयोग को लेकर भी कॉलेज प्रबंधन में विवाद है।