लखनऊ। सरोजनीनगर क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने खुले ट्रांसफार्मर के संपर्क में आकर झुलसे बच्चे को मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। ऊर्जा मंत्री को भी पत्र भेजकर राजेश्वर सिंह ने एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बिजनौर के सैनिक विहार कॉलोनी में 11 जनवरी को खुले ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से राकेश पाल का आठ वर्षीय बच्चा अर्पित पाल गंभीर रूप से झुलस गया था। डॉ. राजेश्वर सिंह के मुताबिक, केजीएमयू में बच्चे का उपचार सुनिश्चित कराने के साथ ही अब तक करीब 75 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके साथ ही उनकी टीम के सदस्यों द्वारा रक्तदान कर पीड़ित परिवार को चिकित्सकीय एवं नैतिक सहयोग प्रदान किया गया। पीड़ित परिवार मूल रूप से मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र का निवासी है, इसलिए क्षेत्रीय विधायक से विधायक निधि से जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।