सपा मुख्यालय पर रविवार को संविधान निर्माता भारतरत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का 65वां परिनिर्वाण दिवस श्रद्धा से मनाया गया। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया में समाज की बुराइयों से लड़ने वालों में डॉ. आंबेडकर का नाम सबसे ऊपर है। उन जैसा दूसरा समाज सुधारक नहीं मिलेगा।
उनका रास्ता कठिनाइयों से भरा था, फिर भी उन्होंने गरीब और दलित को सम्मान दिलाया। संविधान में सबको एक वोट का अधिकार दिया, जिससे जिनको अछूत माना जाता था, उन्हें भी बराबरी और सुरक्षा की गारंटी मिली। अन्य वक्ताओं ने कहा कि अखिलेश यादव की रहनुमाई में ही दलितों और वंचितों के सम्मान की लड़ाई जीती जा सकेगी।
इस अवसर पर बौद्ध भिक्षु भंते सुमितरत्न, नवनिर्वाचित एमएलसी लाल बिहारी यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, एमएलसी उदयवीर सिंह व आशु मलिक, पूर्व मंत्री केके गौतम उपस्थित रहे।
साइकिल यात्रा पर निकले कार्यकर्ताओं का सपा मुख्यालय पर स्वागत
लखनऊ। अखिलेश यादव जनसंदेश साइकिल यात्रा पर 2 दिसंबर को सिद्धार्थनगर से निकले नौजवान साइकिल यात्रियों का रविवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पर स्वागत किया गया। सपा अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रा के समापन पर नौजवानों को बधाई दी। साइकिल यात्रा में दिलीप राज यादव, नीरज यादव, सुधाकर आदि शामिल रहे।
कई बसपाई हुए सपाई
बसपा के मऊ के पूर्व जोनल को-ऑर्डिनेटर संजय सागर के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रविवार को सपा में शामिल हो गए। इन सभी ने अखिलेश यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने के लिए जी-जान से जुटने का वादा किया। अखिलेश ने उम्मीद जताई है कि नए साथियों के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।