मुख्यमंत्री ने कहा है कि जो लोग होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं, उन्हें भी आवश्यकता के अनुसार ऑक्सीजन उपलब्ध कराया जाए। प्रदेश में कहीं भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन की सुचारु उपलब्धता है।
ऑक्सीट्रैकर वेब पोर्टल का शुभारम्भ
मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था की लाइव मॉनीटरिंग के लिए ऑक्सीट्रैकर वेब पोर्टल का शुभारम्भ किया है। यह ऑक्सीट्रैकर पोर्टल ऑक्सीजन की मांग, कुल आवंटन, गाड़ियों की लाइव लोकेशन, जिलों में उपलब्धता व खपत सहित सभी आवश्यक जानकारी से अपडेट रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रत्येक अस्पताल में ऑक्सीजन ऑडिट कराया जाए।
अब निशुल्क अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा है कि दुर्भाग्यवश कोविड संक्रमित की मृत्यु होने पर अन्तिम संस्कार प्रशासन की देख-रेख में नि:शुल्क सुनिश्चित किया जाए। इस सम्बन्ध में संक्रमित व्यक्ति के परिजनों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवाओं में सुधार हुआ है, किन्तु इसे और भी कम रिस्पॉन्स टाइम में मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नि:शुल्क टीकाकरण कार्ययोजना तैयार करने के लिए कमेटी गठित
प्रदेश सरकार ने नि:शुल्क टीकाकरण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए वित मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठन कर दिया है। आगामी 1 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों का टीकाकरण किया जाना है। कमेटी में स्वास्थ्य मंत्री, एमएसएमई मंत्री, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य, अपर मुख्य सचिव वित्त, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई व सूचना तथा डॉ. जीएन सिंह शामिल होंगे।