अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के गढ़ा नसीरपुर गांव में नित्यक्रिया के लिए गांव के अन्य बच्चों के साथ नहर किनारे गई बालिका पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से भयभीत होकर अन्य बच्चे मौके से भाग गए। जब तक बच्चे परिवारीजन व ग्रामीणों को सूचित करते, कुत्तों के नोचने से बालिका की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार सुबह रिया (7) पुत्री रंजीत वर्मा अपने बड़े भाई रौनक व पड़ोस के बच्चे वैष्णवी व गौरव के साथ शौच के लिए नहर की ओर गई थी। तभी यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। एक पीपल के पेड़ के पास कुत्तों के हमलावर होने पर अन्य बच्चों ने भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाई लेकिन रिया कुत्तों के बीच फंस गई।
सूचना मिलने पर जब तक घरवाले मौके पर पहुंचते आवारा कुत्तों ने रिया को नोच डाला। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवारजनों ने घायल बालिका को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।