महज दो दिन पहले शनिवार को ही नवजात बच्ची सड़क पर लावारिस मिली थी। अभी 72 घंटे भी नहीं बीते और सोमवार को फिर संवेदनहीन घटना सामने आई। घटना क्वीनमेरी अस्पताल के पास फुटपाथ की है। खास बात है कि तड़के या रात का सन्नाटा नहीं था, बल्कि दोपहर में तीन बज रहे थे। गेट के सामने बने पार्किंग स्थल के पास राहगीरों ने आवारा कुत्तों को एक गठरी के मंडराते हुए देखा तो उसके पास पहुंचे।
वहां मौजूद चार से पांच कुत्तों का झुंड शव को बुरी तरह नोच कर खा रहा था। शव को लेकर कुत्तों में खींचतान हो रही थी। आवार कुत्ते नवजात के कंधे से लेकर हाथ व पैर की ओर का पूरा हिस्सा नोचकर खा चुके थे। नवजात का शव देख वहां मौजूद लोगों ने कुत्तों को खदेड़ा। देखते ही देखते यहां लोगों का जमावड़ा लगने लगा।
लोगों ने इसकी जानकारी केजीएमयू चौकी पर दी। लेकिन मामला यहां का नहीं बल्कि वजीरगंज थाने का होने की बात कही गई। बाद में वजीरगंज पुलिस ने शव के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वजीरगंज एसओ पंकज सिंह का कहना है कि शव को कुत्ते बुरी तरह नोच चुके थे। इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल है कि शव बच्चे का था या बच्ची का।