लखनऊ। पीजीआई एपेक्स ट्राॅमा सेंटर के डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर युवक के पेट में धंसी गोली निकालकर जान बचाई है। ऑपरेशन के दौरान पेट में भरा करीब एक लीटर खून भी निकाला गया। छोटी आंत और बड़ी आंत में गोलियों की कई चोटें मिलीं। डॉक्टरों ने युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने पर छुट्टी कर घर भेज दिया है।
डॉ. अमित कुमार सिंह के मुताबिक, गोंडा निवासी अभय पांडेय को नौ अगस्त को जमीन के विवाद में नवाबगंज के पास खरगूपुर गांव में गोली मार दी गई थी। गंभीर अवस्था में मरीज एपेक्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया। 11 अगस्त को ऑपरेशन किया गया। कई गोलियां लगने से आंतों में गहरे घाव हो गए थे। पेट में रक्तस्राव हुआ था। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया टीम में डॉ. गणपत प्रसाद, डॉ. प्रतीक सिंह बैस, डॉ. दीक्षा, डॉ. निखिल, डॉ. नबील के अलावा ओटी टेक्नीशियन अमित, ओम प्रकाश, मयंक बंसल, राहुल कुमार, पायल नेगी व दिव्यांशी का सहयोग रहा।