मुख्यमंत्री की हिदायत के बाद भी सीएमओ के अधीन काम करने वाले डॉक्टर अपने ऑफिसों से ही कोरोना कंट्रोल कर रहे हैं। ये न तो सीएचसी पर चिकित्सकीय कार्य देख रहे हैं और न ही सर्जरी कर रहे हैं। पिछले साल शासन ने भी प्रशासनिक अफसरों को ओपीडी या सर्जरी के निर्देश दिए थे। पर सुधार नहीं हुआ।
विज्ञापन
अब स्वास्थ्य महानिदेशक ने सभी जिलों के सीएमओ को पत्र भेजकर प्रशासनिक अफसरों की सेवाएं कोरोना मरीजों की स्क्रीनिंग व इलाज में लेने को कहा है। सूत्रों का कहना है कि सीएमओ के अधीन ऐसे कई प्रशासनिक अफसर हैं, जिन्होंने चार से पांच साल से एक भी मरीज नहीं देखा है और न ही सर्जरी की।
सीएमओ के अधीन सात एडिशनल सीएमओ व चार डिप्टी सीएमओ तैनात हैं। इसमें से किसी भी प्रशासनिक अफसर ने सालों से सीएचसी पर मरीज नहीं देखे हैं। जबकि इनमें कई ईएनटी, नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। खुद सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल भी जनरल सर्जन हैं। जिले में प्रशासनिक पद पर तैनात अफसरों की संख्या 100 के करीब है।
स्वास्थ्य महानिदेशालय में करीब 60 प्रशासनिक अफसर तैनात हैं, जो अलग-अलग विभागों का काम देख रहे हैं। इन प्रशासनिक डॉक्टरों की सेवाएं भी कोरोना काल में लिए जाने की तैयारी हो रही है। स्वास्थ्य महानिदेशक का कहना है कि संयुक्त निदेशक के 60 प्रशासनिक अधिकारी तैनात हैं। सीएम के निर्देश पर इनकी भी सेवा का लाभ लिया जाएगा।
सख्ती से अनुपालन
सीएम के निर्देश का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। सभी जिले के सीएमओ को पत्र भेजकर प्रशासनिक पद पर जमे अफसरों को कोरोना मरीजों के इलाज व स्क्रीनिंग में सेवाएं लिए जाने के निर्देश दिए जाएंगे। - डॉ. रुकमकेश, स्वास्थ्य महानिदेशक
जिम्मेदारी से काम
कोरोना कॉल में जिस भी प्रशासनिक अफसर का काम तय किया गया है। वह अपना काम जिम्मेदारी से निभा रहे हैं। इसमें कई एडिशनल सीएमओ कोरोना की स्क्रीनिंग व मॉनीटरिंग के काम में भी लगे हुए हैं। - योगेश रघुवंशी, सीएमओ प्रवक्ता
ये हैं सीएमओ के अधीन तैनात प्रशासनिक काम देख रहे डॉक्टर
- डॉ. एपी सिंह, डिप्टी सीएमओ, नेत्र रोग सर्जन, - डॉ. केपी त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, - डॉ. कमल सक्सेना, डिप्टी सीएमओ, - डॉ. रवि पांडेय, डिप्टी सीएमओ, - डॉ. सईद अहमद, एडिशनल सीएमओ, ईएनटी विशेषज्ञ, - डॉ. आरबी सिंह, एडिशनल सीएमओ, बाल रोग विशेषज्ञ, - डॉ. आरके चौधरी, एडिशनल सीएमओ, आंकोलॉजी, - डॉ. अनूप श्रीवास्तव, एडिशनल सीएमओ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, - डॉ. ए राजा, एडिशनल सीएमओ, - डॉ. एमके सिंह, एडिशनल सीएमओ, - डॉ. एके दीक्षित, एडिशनल सीएमओ