सतीश पाठकअयोध्या। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान रामभक्तों की स्वास्थ्य सेवाओं को खास ख्याल रखा जाएगा। अयोध्या में चिकित्सकों की कमी देखते हुए प्रदेश के सात जिलों से 75 फार्मासिस्टों की ड्यूटी लगाई गई है। विभिन्न जिले से 100 से अधिक चिकित्सकों की सूची भी तैयार की जा रही है। महानिदेशक ने इन्हें 15 जनवरी से एक माह के लिए तैनात किया है।
बीते दिनों समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कुंभ की तर्ज पर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां करने के निर्देश दिए थे। इसे अमली जामा पहनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने खाका तैयार किया तो मैनपावर की कमी आड़े आई। इसे दूर करने के लिए अपर निदेशक व सीएमओ ने निकटवर्ती जिले से चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने की मांग की थी। आयोजन की महत्ता को देखते हुए शासन ने इसे प्रमुखता से संज्ञान लिया है।
गुरुवार को महानिदेशक ने 75 फार्मासिस्टों की सूची जारी की है। इनमें रायबरेली के सर्वाधिक 15, उन्नाव के 12, लखनऊ, सीतापुर, व हरदोई के 10-10, सिद्धार्थनगर के सात, बस्ती के पांच, लखीमपुर खीरी व संतकबीरनगर के तीन-तीन फार्मासिस्ट शामिल हैं। इसके अलावा इन्हीं जिलों के लगभग 100 से अधिक चिकित्सकों की सूची भी तैयार हो रही है। शीघ्र ही इनकी ड्यूटी लगने की भी उम्मीद है।
वर्जन...
-प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शासन से 75 फार्मासिस्टों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्हें 15 जनवरी तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है। चिकित्सकों की सूची भी शीघ्र जारी होने की उम्मीद है। इससे बेहतर चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।
-डॉ. पवन कुमार अरुण, अपर निदेशक, अयोध्या मंडल