सिविल अस्पताल में पार्किंग को लेकर अस्पताल के डॉक्टर और गार्ड आमने-सामने हो गए। अस्पताल परिसर में डॉक्टर के साथ हुई अभद्रता की खबर आग की तरह फैली और मौके पर सैकड़ो लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हालांकि ओपीडी में तैनात अटेंडेंट और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत करा लिया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सिविल अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.अर्चना श्रीवास्तव कार से अस्पताल पहुंची।
वो ओपीडी के सामने बनी पार्किग में अपनी गाड़ी खड़ी करने लगीं। तभी वहां पर मौजूद प्राइवेट कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने उनसे गाड़ी कहीं और खड़ी करने को कहा।
गार्ड की बात का उन्होंने विरोध किया और गाड़ी वहीं खड़ी करने लगीं तो गार्ड और डाक्टर में कहा सुनी शुरू हुई और थोड़ी ही देर बाद दोनों के बीच जमकर जुबानी जंग शुरू हो गई।
डॉक्टर से गार्ड को भिड़ते देख अस्पताल के कर्मचारी और ओपीडी में तैनात अटेंडेंट मौके पर पहुंच गए। दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।
घटना के वक्त मौजूद लोगों के मुताबिक गार्ड को जब पता चला कि वो अस्पताल की डाक्टर हैं तो वो वहां से निकल गया।
अस्पताल में हुई इस लड़ाई पर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि ये शर्मनाक है कि अस्पताल के सुरक्षाकर्मी आए दिन मरीजों और कर्मचारियों से भिड़ जाते हैं।
घटना की जानकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके हसन को मिल चुकी है। बाकी कार्रवाई उनके आदेश के बाद की जाएगी।