राजधानी में सेंट मेरी पॉलीक्लीनिक के डॉक्टर ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके बच्चा बेच दिया। अस्पताल व डॉक्टरों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
राजधानी लखनऊ में गुडंबा थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड स्थित सेंट मेरी पॉलीक्लीनिक के दो डॉक्टरों ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके महिला को नवजात बेच दिया। मामले की जानकारी होने पर चाइल्ड लाइन ने पुलिस के साथ जाकर बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करके दो महिलाओं को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
चाइल्ड लाइन को सोमवार को सूचना मिली कि सेंट मेरी पॉलीक्लीनिक के माध्यम से नवजात (लड़के) को बेचा गया है। चाइल्ड लाइन हेल्पलाइन कोऑर्डिनेटर जयवती ने जानकारी गुडंबा थाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम शांतिबाग निवासी रेनू शर्मा के घर पहुंची।
पूछताछ में रेनू शर्मा ने बताया कि बहादुरपुर निवासी आरती ने बच्चे को जन्म दिया था। जन्म देने से पहले उन्होंने आरती के लिए मकान बनवाने का वादा किया था। बात बनने पर अस्पताल की डॉक्टर शालू और डॉक्टर विनोद ने बच्चों के जन्म से संबंधित फर्जी दस्तावेज बनाए। इसके बाद आरती का बच्चा होने पर रेनू ने बच्चे को ले लिया।
विज्ञापन
पुलिस ने महिला हेल्प डेस्क पर आरती और रेनू के बयान की वीडियोग्राफी कराई है। आधार कार्ड, मेडिकल डिलीवरी से जुड़े दस्तावेज, टीकाकरण कार्ड सहित अभिलेख कब्जे लिए हैं। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि डॉक्टर शालू और डॉ विनोद व अस्पताल प्रशासन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की गहन जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।