लखनऊ। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया फरंगी महल में ईद-उल-अजहा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में नमाज, कुर्बानी और शहर की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने मुस्लिम समुदाय से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने और कुर्बानी की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की।
इमाम ईदगाह एवं इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि ईद-उल-अजहा की नमाज 28 मई को ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। कुर्बानी खुले स्थानों पर न की जाए और जानवरों के अवशेष निर्धारित स्थानों पर ही डाले जाएं। साथ ही लोगों से अमन-चैन, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने की अपील भी की गई।
बैठक में डीसीपी (वेस्ट) कमलेश दीक्षित ने कहा कि कुर्बानी के लिए जानवरों के आने-जाने पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी। ईद-उल-अजहा के दौरान सुरक्षा, सफाई, पेयजल और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में एडीसीपी (वेस्ट) धनंजय सिंह कुशवाहा, एडिश्नल सीएमओ नईमुल हसन सिद्दीकी, मौलाना मोहम्मद मुस्ताक, मौलाना आदिल नदवी, इमरान कुरैशी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।