लखनऊ। रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई) के यूपी चैप्टर की ओर से रविवार को चौक लोहिया पार्क में जांच एवं जागरूकता शिविर लगा। इसमें एरा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. अब्बास अली मेंहदी मुख्य अतिथि और पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू विशिष्ट अतिथि रहे।
यूपी चैप्टर के चेयरमैन डॉ. नरसिंह वर्मा ने बताया कि बात करते हुए या शारीरिक व्यायाम के तुरंत बाद किसी भी व्यक्ति या मरीज का बीपी नहीं मापना चाहिए। इसके अलावा पेशाब लगने, तनाव और बुखार की स्थिति में भी ब्लड प्रेशर नहीं नापना चाहिए। यूपी चैप्टर के सचिव डॉ. अजय तिवारी ने बताया कि पूरे भारत में 1.5 लाख से ज्यादा डायबिटीज के मरीजों को ब्लड प्रेशर के लिए स्क्रीन किया जा चुका है। आरएसएसडीआई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रो. अनुज माहेश्वरी ने लोगों से चार दिवसीय शिविर का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. राजीव खन्ना, डॉ. राकेश श्रीवास्तव, डॉ. तृप्ति बंसल, डॉ. जेके बंसल, डॉ. साजिद अंसारी, डॉ. जैदी ने मरीजों के सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में चौक के मॉर्निंग वॉकर्स एसोसिएशन ने भी सहयोग किया।