ढोल बजाकर उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक।
लखनऊ। फैजुल्लागंज क्षेत्र की कृष्ण लोक कॉलोनी, संतकबीर नगर और मिलन नगर में पतंग उड़ाने के दौरान विद्युत लाइनों को होने वाले नुकसान और उससे बाधित होने वाली बिजली आपूर्ति के मामले में विभाग ने मंगलवार को उपभोक्ताओं को जागरूक किया।
इस दौरान अवर अभियंता आकर्ष श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ढोल बजाकर लोगों से अपील की कि वे बिजली की लाइनों के आसपास पतंग न उड़ाएं। पतंग की डोर के बिजली के तारों में फंसने से फॉल्ट होने के साथ ही हादसे की आशंका भी बनी रहती है। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अभियान के दौरान लोगों को समझाया गया कि सुरक्षा के मद्देनजर खुले मैदानों में ही पतंग उड़ाएं और मांझे का प्रयोग न करें। विभाग ने अपील की है कि त्योहारी मौसम में सभी उपभोक्ता सावधानी बरतें, जिससे निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति बनी रहे।