लखनऊ। दुबग्गा चौराहे पर लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना को गति देने के लिए डीएम विशाख जी ने मंगलवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को भूमि हस्तांतरण, वन विभाग की अनुमति और अन्य प्रशासनिक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। इसका निर्माण पूरा होने के बाद करीब चार लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण के लिए वन विभाग, मंडी परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण की कुछ भूमि प्रभावित हो रही है। इस पर डीएम ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर बनने के बाद कानपुर बाईपास और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाला यातायात सीधे हरदोई रोड से जुड़ सकेगा। निरीक्षण के बाद डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। जिसमें फ्लाईओवर के एलाइनमेंट से प्रभावित 0.3841 हेक्टेयर वन भूमि और मंडी परिषद की भूमि से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। डीएम ने मंडी परिषद को प्रभावित भूमि का आकलन कर प्रतिकर का विवरण शीघ्र सेतु निगम को उपलब्ध कराने तथा वन भूमि से संबंधित अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन तत्काल करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, उप जिलाधिकारी सदर, सेतु निगम, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और मंडी परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
000
आंकड़ों में परियोजना
परियोजना लागत : 305.31 करोड़ रुपये
फ्लाईओवर की लंबाई : 1800 मीटर
फ्लाईओवर की चौड़ाई : 11.50 मीटर
प्रभावित वन भूमि : 0.3841 हेक्टेयर
अनुमानित लाभार्थी आबादी : करीब चार लाख
000
ये होगा फायदा
- दुबग्गा चौराहे पर जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
- कानपुर बाईपास और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाला यातायात सीधे हरदोई रोड से जुड़ सकेगा।
- हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक और बुद्धेश्वर के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा।
- क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण करते डीएम विशाख जी।