लखनऊ। जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में दिव्यांश श्रीवास्तव और अंडर-17 में लक्ष्य कुमार ने एकल वर्ग में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। लखनऊ जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वाधान में यूपीटीटीए टेबल टेनिस कॉम्प्लेक्स में आयोजित चैंपियनशिप में शनिवार को एक के बाद एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
पुरुष एकल वर्ग के बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरे फाइनल मुकाबले में शहर के स्टार पैडलर दिव्यांश श्रीवास्तव ने अपनी बादशाहत साबित की। खिताबी भिड़ंत में दिव्यांश का सामना अनुभवी आशुतोष सिंह से हुआ। पांच सेटों तक चले इस मैराथन मुकाबले में दिव्यांश ने आशुतोष को 10-12, 11-8, 11-6, 7-11, 11-8 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
दूसरी ओर जूनियर बालक अंडर-17 वर्ग के फाइनल में लक्ष्य कुमार नए चैंपियन बनकर उभरे। लक्ष्य ने खिताबी भिड़ंत में शौर्य गोयल को बेहद कड़े मुकाबले में 11-5, 9-11, 13-11, 5-11, 11-9 से पराजित कर चमचमाती ट्रॉफी जीती।
इसके अलावा यूथ बॉयज अंडर-19 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में लक्ष्य कुमार, आयुष बग्गा, समर्थ तिवारी और शौर्य गोयल ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।