त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव परिणाम आने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए महासंग्राम छिड़ गया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के गढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष के किंग मेकर 12 निर्दल प्रत्याशी होंगे। अनारक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष कुर्सी के लिए चुनाव के बाद सर्वाधिक सपा के दस समर्थित प्रत्याशी तो भाजपा के आठ प्रत्याशी ही विजय हासिल कर सके। फिलहाल अभी तक अधिकृत रूप से किसी ने अध्यक्ष पद के लिए किसी का भी नाम सार्वजनिक नहीं किया है। बावजूद इसके अध्यक्ष पद की कुर्सी पाने के लिए 12 निर्दल प्रत्याशियों का समर्थन हासिल करने की कवायद शुुरू हो गई है।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के संसदीय क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य चुनाव में भाजपा अपना परचम नहीं लहरा सकी। पंचायत चुनाव के परिणाम ने सभी पार्टियों के अरमान को चकनाचूर कर दिया। आलम यह है कि दो मई को मतगणना के बाद पहले गांधी परिवार का तो अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के गढ़ में कांग्रेस के जहां मात्र दो समर्थित प्रत्याशी ही विजय हासिल कर सके वहीं भाजपा भी पूर्ण बहुमत से काफी पीछे रह गई। डीडीसी में भाजपा समर्थित आठ प्रत्याशी ही अपना परचम लहरा सके। वहीं सपा समर्थित दस प्रत्याशियों ने चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया। बसपा के तीन तथा जनसत्ता दल लोकत्रंतिक पार्टी के एक तथा 12 निर्दल प्रत्याशी जीत हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
36 सीट वाली जिला पंचायत में अध्यक्ष पद की कुर्सी पाने के लिए 19 डीडीसी का समर्थन जरूरी है। अधिकृत रूप से शुक्रवार तक किसी भी दल से अध्यक्ष के लिए अपने समर्थित उम्मीदवार का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। बावजूद इसके अध्यक्ष पद की कुर्सी पाने के लिए संभावित दावेदार 12 निर्दल प्रत्याशियों की प्रक्रिमा शुरू कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह अपनी पत्नी शीलम सिंह को सपा से तो भाजपा से स्मृति के करीबी मानें जाने वाले राजेश अग्रहरि अध्यक्ष पद के लिए दावेदार होंगे। परिणाम आने के बाद से दोनों लोग पार्टी समर्थित जीते डीडीसी के साथ निर्दल विजेता जिला पंचायत सदस्यों को अपने-अपने पाले में करने की हरसंभव कोशिश करने में जुटे है। यह हर रोज निर्वाचित सदस्यों तथा उनके संबंधियों से संपर्क कर रहे हैं। फिलहाल यह तो समय ही बताएगा कि अध्यक्ष पद की कुर्सी पर कब्जा किसका होगा। लेकिन यह बात तो तय है कि निर्दल की भूमिका केंद्रीय मंत्री के संसदीय क्षेत्र में किंग मेकर के रुप में रहेगी।