रायबरेली। राज्य स्तरीय प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य (आरसीएच) पोर्टल पर दर्ज होने वाले आठ प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति में जिला चौथे पायदान पर पहुंच गया है। दिसंबर माह में मंडल में जिले को पहली रैंक मिली है। आरसीएच पोर्टल के सभी आठ सूचकांकों में जिले ने 71 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आरसीएच पोर्टल में प्रजनन शिशु स्वास्थ्य जैसे गर्भवती का पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच की सेवाएं, नवजात का पंजीकरण, बच्चों का नियमित व संपूर्ण टीकाकरण, उच्च जोखिम गर्भावस्था, संस्थागत प्रसव आदि सेवाओं के नियमित डाटा फीडिंग की जाती है। लक्ष्य के आधार पर सभी सेवाएं प्रदान कराते हुए समय से डाटा फीड करने पर हर माह रैंकिंग निर्धारित होती है। इस बार जारी रैंकिंग में जिले को चौथी रैंक मिली है।
जिले में 93 प्रतिशत संस्थागत प्रसव
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती का पंजीकरण 51 प्रतिशत हुआ है। गर्भावस्था की पहली तिमाही में 86 प्रतिशत महिलाओं व उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली सात प्रतिशत महिलाओं का पंजीकरण हुआ है।
चार प्रसव पूर्व जांच में 90 प्रतिशत उपलब्धि रही। संस्थागत प्रसव की उपलब्धि 93 प्रतिशत रही। समस्त प्रसव की उपलब्धि 94 प्रतिशत दर्ज की गई। संपूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 89 प्रतिशत रही। इसके अलावा जन्म से लेकर एक साल तक के 59 प्रतिशत बच्चों का पंजीकरण किया गया।
जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, हेल्थ वेलनेस सेंटरों व उपकेंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी जा रही हैं। डैशबोर्ड रिपोर्ट में जिले ने टॉप-10 में जगह बनाते हुए चौथी रैंक हासिल की है। और बेहतर काम करने की सलाह दी है, जिससे अगले माह पहली रैंक मिल सके।
- डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ