गोसाईंगंज। कबीरपुर के पास इंदिरा नहर रेलवे पुल के निकट 25 वर्षीय युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान दयाराम के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में दयाराम के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस को ट्रैक पर शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाम को भटवारा निवासी धनीराम ने अपने बेटे दयाराम के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने ट्रैक पर मिले शव की तस्वीर परिजनों को दिखाई, जिस पर धनीराम ने उसकी पहचान की। परिजनों ने बताया कि दयाराम की शादी पिछले महीने तय हुई थी, लेकिन किसी कारणवश टूट गई थी। इसी तनाव के कारण उसने आत्महत्या कर ली।