गोमतीनगर स्थित आईआईए भवन में ईपीएफओ के संवाद कार्यक्रम में मौजूद शहर के प्रमुख संस्थानों के प्र
लखनऊ। ईपीएफओ की ओर से उद्यमियों के बीच पीएम विकसित भारत रोजगार योजना के प्रचार प्रसार व जागरुकता के लिए आईआईए और शहर के प्रमुख संस्थानों के साथ संवाद किया। नए कामगारों को 15 हजार रुपये और कंपनियों को अधिकतम 3000 रुपये प्रोत्साहन राशि दिए जाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
गोमतीनगर स्थित आईआईए भवन में हुए संवाद में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय आशीष कुमार ने प्रजेंटेंशन के जरिये योजना का उद्देश्य व लाभ बताए। योजना के तहत नए कामगारों को 15000 रुपये तक सहायता के साथ वित्तीय साक्षरता व नियोक्ताओं को अधिकतम दो वर्षों और मैन्यूफैक्चरिंग के लिए चार सालों तक हर अतिरिक्त रोजगार पर 3000 रुपये की मासिक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उत्तर प्रदेश उदय बक्शी ने सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों से संवाद कर पंजीकरण की स्थिति, अनुभव और अन्य फीडबैक लिया। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि यदि किसी संस्था को पोर्टल पर पंजीकरण में कोई कठिनाई है तो वह संपर्क कर सकते हैं। आईआईए लखनऊ चैप्टर के कार्यकारी अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने सभी का आभार जताया। एमिटी विश्वविद्यालय, कॅरिअर कॉलेज समूह, इंटीग्रल विश्वविद्यालय, सेंट जोसेफ हॉस्पिटल, टेंडर पाम्स हॉस्पिटल, हेल्थ सिटी विस्तार, सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल, हिंद इंस्टीट्यूट और स्टडी हॉल के शीर्ष प्रबंधन प्रतिनिधि मौजूद रहे।