मुख्य सचिव ने केंद्र सहायतित योजना फेज-1 में निर्माणाधीन पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों- बस्ती, बहराइच, फैजाबाद, फि रोजाबाद व शाहजहांपुर को जल्द शुरू कराने के लिए सोसाइटी गठन की कार्यवाही तेज करने को कहा है।
उन्होंने जापानी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि सोसाइटी के गठन के बाद विदेशी भाषा के रूप में जापानी भाषा पढ़ाए जाने के प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने प्रस्तावित चिकित्सा पर्यटन नीति में जापानी को शामिल करने के प्रस्ताव का परीक्षण करने का निर्देश दिया।
मुख्य सचिव ने बताया कि बुनियादी ढांचा के विकास व अनुसूचित जाति के उत्थान के लिए कुटियावा, अंबेडकरनगर में प्राइमरी पाठशाला खोलने तथा गोरखपुर के फातिमा अस्पताल में चिकित्सीय उपकरणों की व्यवस्था में जापान मदद करेगा।
छह और विवि में जापान के सहयोग से कैपिसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम
मुख्य सचिव ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी, बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी, वीबीएस पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर, सीएसजेएम यूनिवर्सिटी कानपुर, डॉ. बीआर आंबेडकर यूनिवर्सिटी आगरा तथा लखनऊ विश्वविद्यालय में क्योटो-वाराणसी पार्टनरशिप के अंतर्गत कैपिसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम कराए जाएंगे। बीएचयू में यह प्रोग्राम पहले से चल रहा है।
जापानी दूतावास के शोधकर्ता एवं आर्थिक सलाहकार क्योहे यामामोतो ने बताया कि स्वच्छ गंगा-स्वच्छ भारत के तहत जापान गंगा एक्शन प्लान परियोजना का क्रियान्वयन करा रहा है। इसमें सीवेज ट्रीटमेंट सुविधा व सार्वजनिक शौचालयों के काम शामिल हैं। जापान इस योजना का अन्य शहरों में विस्तार करने के लिए तैयार है।