लखनऊ। बीकेटी के देवरी रुखारा गांव में बृहस्पतिवार देर रात दिव्यांग परचून दुकानदार अर्जुन लोधी (46) की हत्या 1500 रुपये के विवाद में की गई थी। पुलिस ने हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि नामजद मायाराम ने 1500 रुपये लेकर अपना मोबाइल फोन अर्जुन के पास गिरवी रखा था। बृहस्पतिवार रात जब अर्जुन सामान लेने साइकिल से गए तो मायाराम और उसके दो साथियों ने नशे में उनको रोक लिया और बिना रुपये लौटाए गिरवी रखा मोबाइल फोन मांगने लगे। अर्जुन ने विरोध किया और साइकिल लेकर जान बचाकर भागे। आरोपियों ने उनका पीछा कर लिया और सुनसान जगह पर डंडे से हमला कर अर्जुन की हत्या कर दी।
आरोपी मायाराम दिव्यांग अर्जुन के पास से अपना मोबाइल फोन भी ले गया था। लंबी पूछताछ के बाद रविवार को पुलिस ने नामजद आरोपी देवरी रुखारा निवासी बिजली मैकेनिक मायाराम, किसान गोविंद और पुताई कारीगर मोनू को गिरफ्तार किया। निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।