लखनऊ। मड़ियांव में पहले ही बिक चुकी जमीन के फर्जी कागजात दिखाकर ठगों ने गुडंबा के वृंदावन विहार निवासी दिव्यांग कालिका प्रसाद से 30 लाख रुपये हड़प लिए। कोर्ट के आदेश पर मड़ियांव पुलिस ने मंगलवार को एफआईआर दर्ज की है।
पीड़ित कालिका प्रसाद ने बताया कि टिल्लू और उसके पुत्र विनोद व अर्जुन ने उन्हें अपने ग्राम घैला रोशनाबाद स्थित तीन हजार वर्गफीट जमीन को अपनी कहकर दिखाया। 30 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। इसके बाद उन्होंने एक बैंक से 20 लाख रुपये का लोन लेकर आरोपियों को रकम ट्रांसफर कर दी। पीड़ित का आरोप है कि फर्जी कागजात बनाकर, बैंक से सांठगांठ कर, लोन दिलवाकर आरोपियों ने उनसे 30 लाख रुपये हड़प लिए। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।