सूबे में बीएड में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म फरवरी में मिलने शुरू हो जाएंगे। शासन ने वर्ष 2015-16 में दाखिले के लिए समय-सारिणी तय कर दी है।
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा कल्पना अवस्थी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में तय किया गया कि दाखिले की प्रक्रिया फरवरी में शुरू होगी और 1 जुलाई को खत्म हो जाएगी।
बैठक में बीएड की प्रवेश प्रक्रिया के लिए 1987 में बनी नियमावली में संशोधन पर चर्चा हुई। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में दाखिले से संबंधित नई नियमावली जल्द तैयार की जाएगी।
शासन ने इस बार बीएड प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी लखनऊ विश्वविद्यालय को सौंपी है। बैठक में निर्देश दिया गया कि पारदर्शितापूर्ण ढंग से प्रवेश परीक्षा करवाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।