लखनऊ। आयकर विभाग करदाताओं को विभिन्न मेसेज और मेल के जरिये रिटर्न दाखिल करने के दौरान विदेशी कमाई के ब्योरे का भी उल्लेख करने के लिए कह रहा है। यह संदेश उन करदाताओं को भेजे जा रहे हैं जिनके पास विदेशी खाते अथवा परिसंपत्तियां होने की आशंका है। करदाताओं में जागरूकता फैलाने के मकसद से मंगलवार को आयकर भवन में इस विषय पर आउटरीच कार्यक्रम भी हुआ।
अशोक मार्ग स्थित आयकर भवन में सीए टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, आयकर बार एसोसिएशन व अन्य संगठनों के बीच हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता महानिदेशक आयकर (अन्वेषण) और प्रधान आयकर निदेशक (अन्वेषण) लखनऊ ने की। बताया गया कि आयकर विभाग ने करदाताओं को जागरूक करने के लिए नॉन इंड्रूसिव यूसेज ऑफ डेटा टू गाइड एंड एनेबल (एनयूडीजीई) अभियान 2.0 शुरू किया है। मकसद करदाता को रिटर्न दाखिल करने के दौरान विदेशी स्रोतों से हुई आय का सही विवरण और विदेशी परिसंपत्तियों की जानकारी देने में सहायता करना है। जिन करदाताओं ने पूर्व के वर्षों में अपनी विदेशी आय या परिसंपत्तियों को पूरा ब्योरा नहीं दिया है। उन्हें आज तक का रिटर्न दाखिल करने अथवा संशोधित रिटर्न दाखिल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए अंतिम तिथि 31 दिसंबर रखी गई है।