दुबग्गा। पारा के फतेहगंज श्री सालासर ड्रीम सिटी कॉलोनी में शनिवार की रात 11 बजे चार बदमाशों ने दिव्यांग दंपती को उनके घर में बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध पर आरोपियों ने दंपती को पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चोरी व मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
मूलरूप से जौनपुर मछलीशहर के पवारा सरावा गांव निवासी दिव्यांग दिनेश कुमार पटेल परिवार के साथ शुभम यादव के मकान में छह साल से किराये पर रहते हैं। दिनेश ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं। उनके अनुसार शनिवार रात करीब 11 बजे चार बदमाश मुख्य गेट पर पहुंचे और घंटी बजाई। उन्होंने गेट खोला तो दो बदमाश घर में घुस आए और दो बाहर मौजूद रहे।
बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू लगाकर उन्हें और उनकी दिव्यांग पत्नी शैला को बंधक बना लिया। विरोध पर बदमाशों ने दोनों को पीटा। इसके बाद शैला के गले से सोने का मंगलसूत्र, कानों से सोने के बाले और मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने घर के बाहर खड़े ई रिक्शा की चार बैटरियां भी निकाल लीं। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी और दंपती को कमरे में बंद कर भाग गए। शैला ने मोबाइल से मकान मालिक शुभम यादव को सूचना दी। शुभम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मुक्त कराया और पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दी।
चोरी और मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज
लूटपाट की सूचना मिलते ही पारा पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चोरी और मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज की है। सहायक पुलिस आयुक्त काकोरी शकील अहमद ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।