लखनऊ। पारा में शुक्रवार देर रात दिव्यांग राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी बुद्धेश्वर चौराहे के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह लिव इन पार्टनर व यौन शोषण के आरोपी से शादी की मांग पर अड़ गई। पुलिस ने शादी कराने का आश्वासन देकर करीब साढ़े चार घंटे बाद उसे नीचे उतारा।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि खिलाड़ी ने 26 अप्रैल को वजीरगंज के पुरानी बस्ती निवासी राहुल कुमार वर्मा के खिलाफ यौन शोषण की एफआईआर दर्ज कराई थी। खिलाड़ी के अनुसार, विश्वविद्यालय में राहुल से मुलाकात के बाद वे लिव इन में रहने लगे थे। आरोप है कि राहुल ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। बाद में राहुल के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। राहुल ने भी उससे शादी करने से मना कर दिया था। इससे आहत होकर वह टावर पर चढ़ी।
पुलिस टीम ने उसे समझाने का प्रयास किया, पर वह नहीं मानी। पुलिस ने राहुल और उसके परिजनों से खिलाड़ी की बात कराई। राहुल से शादी कराने के आश्वासन पर शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह नीचे उतरी। पुलिस ने यह भी कहा कि राहुल शादी के वादे से मुकरेगा तो कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। समझौता न होने पर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।