लखनऊ। काकोरी में अनुसूचित जाति के बुजुर्ग रामपाल रावत से अमानवीय व्यवहार के आरोप का मामला तूल पकड़ रहा है। शुक्रवार को अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने पहले काकोरी शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन किया और फिर रामपाल से मिलने घर पहुंचे। इसके बाद वह काकोरी शहीद मंदिर स्थल गए और एक घंटे तक समर्थकों के साथ धरना दिया।
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में दलितों को अपमानित किया जा रहा है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने धरने की भी चेतावनी दी। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजबाला रावत, सनी रावत, कुलदीप यादव, अधिवक्ता रामनाथ और मोइन खान आदि थे।
उधर, मंदिर संचालक के समर्थन में भाजपा जिला अध्यक्ष विजय मौर्य और पूर्व जिला अध्यक्ष राम निवास यादव स्वामीकांत गुप्ता के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वामीकांत का परिवार सम्मानित व्यापारी और समाजसेवी है। घटना में कोई तथ्यात्मक पक्ष नहीं है। यह केवल मंदिर पर असामाजिक तत्वों के कृत्यों के विरोध का विवाद है।
डीएम से करेंगे मुलाकात
मामले में बुद्धेश्वर विकास महासभा शनिवार दोपहर को जिलाधिकारी से मुलाकात करेगी। महासभा के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल डीएम से मामले में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित कराने की कोशिश करेगा। महासभा मामले की निष्पक्ष जांच चाहती है।