प्रदेश में जमानत पर चल रहे शातिर अपराधी अब जमानत निरस्त कर जेल जा रहे हैं। यह दावा डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने किया है। उनका कहना है कि अपराधी व उनके खिलाफ हो रही प्रभावी कार्यवाही से काफी डरे हुए हैं।
डीजीपी के जनसंपर्क अधिकारी आरके गौतम ने कहा कि डीजीपी ने निर्देश दिए थे कि जमानत पर रिहा अपराधियों के जमानतदारों की जांच व निगरानी कराई जाए। साथ ही जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही की जाए। डीजीपी ने जघन्य अपराधों से संबंधित मुकदमों की प्रभावी पैरवी के लिए मॉनिटरिंग सेल के गठन के भी निर्देश दिए थे।
गौतम ने बताया कि 30 नवंबर तक पुलिस की प्रभावी कार्यवाही से 12,291 अपराधी कोर्ट में समर्पण कर अथवा जमानत निरस्त कराकर जेल चले गए। इसी क्रम में कानपुर नगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के कारण 30 शातिर अपराधी जमानत निरस्त करा कर जेल चले गए।