सड़क किनारे घायल पड़ी युवती को डीजीपी ने भिजवाया अस्पताल
गोमतीनगर विस्तार पर सोमवार सुबह रास्ते में सड़क किनारे घायल पड़ी युवती को डीजीपी ओपी सिंह ने अस्पताल भेजवाया।
यही नहीं, बिना हेल्मेट बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे युवक का चालान भी कराया। डीजीपी ओपी सिंह सुबह सिग्नेचर बिल्डिंग स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे।
इस दौरान एक युवती गोमती नदी के बंधा रोड गोमतीनगर विस्तार पर रास्ते में सड़क किनारे घायल पड़ी थी।
यह देखकर डीजीपी ने अपने वाहन रुकवाया और घायल युवती को सरकारी वाहन से सिविल अस्पताल भिजवाया। उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
डीजीपी के निर्देश पर मातहत कर्मियों ने युवती के परिवारीजनों को मामले की जानकारी दी।
इसके बाद डीजीपी आगे बढ़े तो मोटर साइकिल (यूपी 32-जीडी-2045) पर तीन युवक बिना हेल्मेट के जाते दिखे।
डीजीपी ने युवकों को रोका और बाइक चला रहे उजरियांव थाना गोमतीनगर निवासी सलाउद्दीन का चालान कराया।