पहले अयोध्या में राम मंदिर बनवाने की शपथ लेकर विवादों में रहे होमगार्ड विभाग के डीजी डॉ. सूर्य कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पांच दिन बाद 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे डॉ. सूर्य कुमार ने रिटायरमेंट के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ के चुनाव प्रचार में सक्रिय सहयोग के लिए सरकारी पद पर तैनाती मांगी है।
इस बाबत सीएम योगी को लिखा गया उनका पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डॉ. सूर्य कुमार ने योगी को अपना मार्गदर्शक व आदर्श बताते हुए रिटायरमेंट के बाद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने की इच्छा जताई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से योजना आयोग केउपाध्यक्ष, खादी बोर्ड के अध्यक्ष, राज्य समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष में से किसी एक पद पर तैनाती का अनुरोध करते हुए कहा है कि इससे वह मुख्यमंत्री को सक्रिय सहयोग करने की स्थिति में आ जाएंगे। उनके आने-जाने, आतिथि गृहों में रुकने तथा कार्य करने के लिए सरकार का एक प्रतीक चिह्न मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सूर्य कुमार ने लिखा है ‘आपने अपनी ईमानदारी, परिश्रम और सेवा भावना से प्रदेश को शांति और विकास के जिस मार्ग पर आगे बढ़ाया है उसका मैं मन की गहराइयों से प्रशंसक हूं और आपके इस ऐतिहासिक कार्य में सहयोगी बनना चाहता हूं।’
डॉ. सूर्य कुमार ने पत्र में लिखा है कि उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान पूर्ण सेवा भावना, निष्ठा एवं ईमानदारी से काम किया है। आपको (मुख्यमंत्री) अपना मार्गदर्शक एवं आदर्श मानते हुए रिटायर होने के बाद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रह कर सामाजिक कार्य करना चाहता हूं। जो भी अपने देश और समाज की समस्या हैं, उनके अध्ययन और उन पर विचार विमर्श करके उनका समाधान निकालना और लोगों की मदद करना मुझे पसंद है।
विशेष रूप से देश की विचारधारा के अनुरूप लोगों की सहायता करना और उनकी समस्या का समाधान करने में मेरी विशेष रूचि है। मुझे आपके संगठन के कार्यों और उसकी विचारधारा में पूर्ण निष्ठा और विश्वास है।
डॉ. सूर्य कुमार ने पत्र में लिखा है कि प्रदेश के विभिन्न मंडलों एवं जिलों में किसी न किसी पुलिस के विभागीय पद पर रहते हुए मैंने लोगों की मदद की है। उन्हें सक्रिय कर मैं आपके सहयोग के लिए काम करूंगा। मुझे विश्वास है कि मैं आपके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और ऊंचाइयां देने में सक्रिय सहयोग कर पाऊंगा।
सेवानिवृत्ति के उपरांत मुझे जो पेंशन मिलेगी वह मेरे परिवार के सदस्यों के भरण पोषण के लिए पर्याप्त रहेगी। मै सेवानिवृत्त होने के बाद 2019 में होने वाले चुनाव के प्रचार-प्रसार में आपका सक्रिय सहयोग करना चाहता हूं। मुझे जानकारी मिली है कि वर्तमान में उपाध्यक्ष योजना आयोग, अध्यक्ष खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, अध्यक्ष समाज कल्याण बोर्ड और अध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पद खाली हैं।
इनमें से किसी एक पद पर मुझे नियुक्त कर देने पर मैं आपको सक्रिय सहयोग करने की स्थिति में आ जाऊंगा। मेरे आने जाने, अतिथि गृहों में रुकने एवं कार्य करने के लिए आपका एक प्रतीक चिह्न मिल जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इनमें से किसी एक पद पर उनकी तैनाती कर दी जाए जिससे वह प्रदेश के विभिन्न जिलों में घूम-घूम कर आपके निर्देशानुसार आपका सहयोग कर सकूं।