लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय का भेषज विज्ञान (फार्मास्यूटिकल साइंस) संस्थान औषधियों की खोज और उनके विकास में नया आयाम स्थापित करेगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने पुर्तगाल के मडिएरा विश्वविद्यालय के साथ शैक्षिक करार किया है। इसका उद्देश्य चिकित्सा अनुसंधान के लिए संयुक्त शोध प्रस्ताव तैयार करना, औषधि विज्ञान के क्षेत्र में शैक्षिक सामग्री तैयार करना और प्रशिक्षण व छात्र-छात्राओं को इंटर्नशिप प्रदान करना होगा।
एमओयू पर भेषज संकाय के निदेशक प्रो. पुष्पेंद्र त्रिपाठी और मडिएरा केमिस्ट्री रिसर्च सेंटर के निदेशक प्रो. जोआ रोड्रिग्स ने हस्ताक्षर कर उसे विधिक स्वरूप प्रदान किया। प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुर्तगाल का यह विवि, लविवि के शिक्षकों और विद्यार्थियों को रसायनशास्त्र शास्त्र में मूलभूत अनुसंधान की जानकारी देने के के लिए स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराएगा। दोनों देशों के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के बीच अकादमिक समझौते पर खुशी जाहिर करते हुए कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने संकाय के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।