शहर के नन्हे संगीत उस्ताद देवाज्ञ ने फिर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। पांच वर्षीय 10 माह के देवाज्ञ ने गोल्डेन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। ड्रम पर एक मिनट में 10 हजार बीट्स निकालने वाले देवाज्ञ ने एक ही साथ सात विश्व रिकॉर्ड बनाए। वह सिन्थेसाइजर, ड्रम, तबला, कैजान, द बुका व गिटार बजाने में एक समान महारथ रखता है। देवाज्ञ केजीएमयू के नेत्र रोग विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी है।
देवाज्ञ जब दो वर्ष का था, तभी से वाद्य यंत्र बजाता है। देश में कम उम्र के वाद्य यंत्र बजाने वाले कलाकारों में देवाज्ञ सबसे छोटा है। उसने देश के अलग-अलग हिस्सों में 160 से अधिक लाइव ड्रम सोलो शो पेश किए हैं। इतनी कम उम्र में कुंभ मेला, दिल्ली, शिरडी समेत सभी प्रमुख शहरों में अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। उसकी लोकप्रियता को देखते हुए केजीएमयू ने अगले पांच साल के लिए उसे आईबैंक का ब्रांड एंबेसडर चुना है। देवाज्ञ की मां राशि दीक्षित ने बताया कि उनका बेटा परफॉर्मेस के लिए कोई खास रियाज नहीं करता है। वह अपने गुरु के दिशा-निर्देश के अनुसार तैयारी करता है। बताया कि अब तक 60 से अधिक सोलो और 100 से अधिक ग्रुप प्रस्तुतियां दे चुका देवाज्ञ थिएटर भी सीख रहा है। मां ने बताया कि देवाज्ञ ने अपने पिता को ड्रम बजाते देख ही सीख लिया था। बेटे को सात गोल्डन अवॉर्ड से नवाजे जाने पर पिता प्रतीक दीक्षित कहते हैं कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।
देवाज्ञ के रिकॉर्ड
अधिकतम ड्रम बीट्स : एक मिनट में 2,122 बार स्टिक से बीट्स निकाली।
अधिकतम पैराडिडल्स (एक मिनट में 35 बार): यूके की ड्रम वादन शैली, जिसमें किसी एक ड्रम को लगातार चार बार बजाते हुए शुरुआत करके चार ड्रमों को चार-चार बार बजाना होता है।
एक मिनट में 72 बीट्स निकालीं। ड्रम स्टिक से ड्रम के चार वाद्य यंत्रों को चार बार बजाने पर एक बीट्स मानी जाती है।
अधिकतम ड्रम रोल: ड्रम के छह वाद्यों को चार के अनुपात में बजाना। एक मिनट में 39 ड्रम रोल बजाए।
अधिकतम किक बेस बीट्स (पैरों से बीट्स बजाना): एक सेकेंड में नौ बार बजाई।
अधिकतम ड्रम बीट्स पैर से: एक मिनट में 203 बार बजाई।
फास्टेस्ट परफॉर्मेंस : छह मिनट 25 सेकेंड में दस हजार ड्रम बीट्स बजाई।
तीन मिनट में अधिकतम 5,500 ड्रम बीट्स निकाली। (गिनीज बुक में आवेदन लंबित)